मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 2025-26 का बजट पेश करने जाते हुए।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने 200 होटल और बड़े प्रोजेक्ट स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए निजी क्षेत्र को निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस नई योजना के तहत खासतौर पर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।
इससे इन क्षेत्र के युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। सरकार का मानना है कि प्रदेश के शहरी और बड़े पर्यटन स्थलों में ढांचागत विकास लगभग अपनी सीमा के अनुसार पूरा हो चुका है। इसको देखते हुए सरकार अब ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन की संभावनाएं तलाश रही हैं। इससे नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने में भी मदद मिलेगी। योजना के तहत तीन सितारा, चार सितारा, पांच सितारा और सात सितारा होटल स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए निजी क्षेत्र के निवेशकों को आमंत्रित किया जाएगा।
सरकार निवेशकों को यह कहते हुए प्रदेश में निवेश करने के लिए आमंत्रित कर रही है कि उन्हें औपचारिकताएं पूरी करने के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इन प्रोजेक्ट के तहत हाई एंड हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, सीनियर सिटीजन टाउनशिप, हाई वैल्यू टूरिज्म एक्सपीरियंस सेंटर और विश्वस्तरीय सुविधायुक्त टूरिस्ट अट्रेक्शन स्थापित करने को प्राथमिकता दी जाएगी।
सरकार ने निवेशकों को बजट से आश्वस्त किया है कि इन प्रोजेक्ट में निवेश करने वाले निजी निवेशकों को प्रोजेक्ट, होटल समेत रिजॉट बनाने के लिए समग्र आवेदनपत्र दाखिल करने के बाद एक महीने के भीतर सभी मंजूरियां दी जाएंगी। इसका मकसद देश-विदेश के निवेशकों को आकर्षित करना है। सरकार का मानना है कि प्रदेश में कई बड़े औद्योगिक घराने निवेश करने के लिए इच्छुक है और नियमों में ढील देकर और औपचारिकताओं को पूरा करने वाले निवेशकों को जल्द से जल्द मंजूरी प्रदान करके पर्यटन कारोबार को विकसित करने में मदद मिलेगी।