भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में पहली बार 24,576 कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंप कर जंबो टीम खड़ी की है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बीते चार माह में 16,582 कार्यकर्ताओं को राज्य से लेकर मंडल स्तर पर पदाधिकारी बनाया है। इनके अलावा प्रदेश के कुल 8007 बूथों में से 7994 में अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिए हैं। संगठनात्मक नियुक्तियों में पार्टी ने बाजी मार ली है। उधर, बीते करीब एक वर्ष से हिमाचल कांग्रेस सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष के सहारे ही चल रही है। कांग्रेस की राज्य से लेकर ब्लॉक तक की कार्यकारिणी का अभी तक गठन नहीं हुआ है।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है। यहां प्रत्येक व्यक्ति को दायित्व सोच समझकर और आपस में बातचीत कर सौंपा जाता है। काम करने वाले व्यक्ति को प्राथमिकता दी जाती है और आने वाले समय में कार्यकर्ता निर्माण को लेकर पार्टी कार्य करती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति में भाजपा ने 200 कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपा है। 7 में से 6 मोर्चों का गठन करते हुए 253 कार्यकर्ताओं को राज्य पदाधिकारी बनाया गया है। अल्पसंख्यक मोर्चा का गठन होना अभी शेष है। भाजपा के 17 संगठनात्मक जिले हैं, उसमें 1222 नियुक्तियां हो चुकी है और 6 मोर्चों में 3060 नियुक्तियां की गई है।