एक बिना नंबर का ट्रक और कार को भी कब्जे में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत जल शक्ति विभाग के पाइप चोरी करने के आरोपी दो युवकों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें 27 अगस्त तक पुलिस की रिमांड पर भेजा गया है। मुख्यमंत्री के पैतृक निवास भवड़ा के निकट जल शक्ति विभाग के पाइप चोरी करने आए दो युवकों को पकड़कर नादौन पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने चोरों से करीब 50 से 60 लाख रुपये का सामान बरामद किया। वहीं, एक बिना नंबर का ट्रक तथा कार को भी कब्जे में लिया गया।
थाना क्षेत्र नादौन की अमलैहड़ पंचायत के कुछ लोगों ने वीरवार रात करीब 11 बजे पुलिस को क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोगों की सूचना दी थी। बताया कि गांव में सड़क किनारे रखे विभाग के पाइपों को कुछ लोग ट्रक में लोड कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बाबूराम शर्मा ने मुख्य आरक्षी कुशल कुमार की अगुवाई में एक टीम को मौका पर भेजा। तब तक काफी लोग वहां जमा हो गए थे। लोगों ने बताया कि दो वाहनों में करीब सात लोग आए थे, जिनमें से दो को पुलिस ने पकड़ लिया जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने चोरी के आरोप में सद्दाम हुसैन निवासी गांव चठियार कठुआ तथा मोहम्मद शब्बीर निवासी गांव कल्याल कठुआ जम्मू क्षेत्र को पकड़ा है। पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन जारी है।