हमीरपुर। जिले में स्थानीय महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की दिशा में सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में ऊंची उड़ान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत महिला उद्यमियों को मिनी शार्क टैंक का मंच मिला है।
दीवा ब्रांड के फाउंडर अंकुश ब्रजाता ने इस मौके पर ऊंची उड़ान कार्यक्रम की महिलाओं को अपने बहुमूल्य सुझाव के साथ उन्हें अपने संस्थान से जोड़ने व उत्पादों को बाजार से जोड़ने की पेशकश की। हमीरपुर के गौतम कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय मिनी शार्क टैंक में चुनी गई इन महिलाओं ने अपने उद्यम को आगें बढ़ाने का प्लान ज्यूरी के सामने रखा। ज्यूरी सदस्यों में बैंक के रिटायर्ड मैनेजर नरेंद्र नंदा, प्रयास संस्था के संयोजक संजीव राजपूत, सफल महिला उद्यमी किरण, ट्रेनर व भारत केयर्स के मैनेजर आशीष प्रमुख रूप में उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम का लक्ष्य स्थानीय महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाते हुए उनकों स्वावलंबी बनाने का है। इस आयोजन को लेकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। 300 के करीब महिलाओं ने पहले दौर की ट्रेनिंग के लिए पंजीकरण किया था, जिसमें से 187 महिलाओं ने सफलतापूर्वक इसको पूरा किया। दूसरे दौर की ट्रेनिंग में 129 महिलाओं ने भाग लिया। गौतम कॉलेज हमीरपुर में प्रशिक्षण के दौरान इन महिलाओं ने अपने बिजनेस आइडिया भी पेश किए हैं।
100 महिला उद्यमियों का चयन : अनुराग
अनुराग ठाकुर ने कहा कि समूह में से 100 होनहार महिला उद्यमियों का चयन कर उन्हें आर्थिक मदद से लेकर मार्केट लिंकेज तक की सुविधा ऊंची उड़ान कार्यक्रम के माध्यम से देने जा रहे हैं। हमीरपुर की ये उद्यमी वास्तु हाउसिंग फाइनांस और भारत केयर्स से सामग्री और मार्गदर्शन सहायता प्राप्त करने के लिए अपनी व्यावसायिक योजनाएं प्रस्तुत कर चुकी हैं। उन्होंने चयनित सभी मातृशक्तियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये आइडिया रहे आकर्षण का केंद्र
महिलाओं ने सॉफ्ट टॉय, पाइन नीडल उत्पाद, बांस उत्पाद, मोटे अनाज से बने खाद्य पदार्थ, बिस्किट, सिरा, लड्डू, सेपु बड़ी और रीसाइकल्ड सामग्री से बने उत्पाद जैसे इनोवेटिव आइडिया प्रस्तुत किए।
भारत केयर्स देगा मशीनरी
अनुराग ठाकुर के प्रयासों से भारत केयर्स संस्था चयनित महिला उद्यमियों को आवश्यक मशीनरी उपलब्ध करवाएगी। संस्था एक वर्ष तक इन उद्यमियों के व्यवसाय को बढ़ाने में मार्गदर्शन भी देगी।