बड़ा (हमीरपुर)। आईजीएमसी शिमला या फिर टांडा अस्पताल जाने के लिए मरीजों को रैल बड़ा से सीधी बस सुविधा न होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिमला या टांडा जाने के लिए मरीजों को टैक्सी के सहारे नादौन पहुंचना पड़ रहा है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
लोगों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर से हमीरपुर से रैल बड़ा होते हुए धर्मशाला और शिमला रूट के लिए बस सुविधा शुरू करने की मांग की है, ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। लोगों का कहना है कि रैल बड़ा से नादौन की दूरी करीब आठ किलोमीटर है। यदि लोगों को शिमला या धर्मशाला जाना हो तो उन्हें नादौन या रंगस टैक्सी लेकर पहुंचना पड़ रहा है।
ऐसे में रैल बड़ा में सुबह-शाम के समय बस सुविधा शुरू होनी चाहिए, ताकि लोग समय पर अस्पताल पहुंच सकें। शिमला के लिए लगभग 9 बसें धर्मशाला, परागपुर, चंबा, नादौन, नगरोटा, अमृतसर के लिए वाया रंगस होकर जाती हैं। इनमें से एक भी बस बड़ा-रैल होकर नहीं जाती है।
लोगों का कहना है कि यदि एचआरटीसी की ओर से नई बस सुविधा शुरू नहीं हो पाती है तो एक रूट वाया रैल बड़ा होकर चलाना चाहिए। इससे न केवल लोगों का समय बचेगा, बल्कि इससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी नहीं झेलना पड़ेगा। बस सुविधा न होने के कारण सबसे अधिक नुकसान गरीब वर्ग को उठाना पड़ता है।
यदि इस रूट पर बस शुरू होती है तो लोगों को काफी राहत मिल सकेगी। इसके अलावा धर्मशाला तथा शिमला की ओर जाने वाले कर्मचारियों और अन्य लोगों को भी राहत मिलेगी।
-
रैल बड़ा से शिमला या धर्मशाला के लिए सीधी बस सुविधा न होने के कारण मरीजों को अधिक परेशानी होती है। यदि किसी ने इलाज के लिए शिमला या टांडा जाना हो तो बस सुविधा न होने के कारण नादौन से बस लेनी पड़ती है।
-सेवानिवृत्त सूबेदार, पूर्ण सिंह पठानिया
रैल बड़ा से शिमला और धर्मशाला के लिए सुबह 5:00 बजे बस सुविधा दी जानी चाहिए। इससे न केवल मरीजों को, बल्कि कर्मचारियों को भी काफी राहत मिलेगी। अगर यहां से बस शुरू होती है तो लोगों को नादौन या रंगस की ओर नहीं जाना पड़ेगा।
-कपिल शर्मा
बस लेने के लिए नादौन जाना पड़ता है। बस लेने के लिए रात को निकलना पड़ता है। रात को नादौन में रुकना मुश्किल हो जाता है। विभाग को चाहिए कि सीधी बस सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। कम से कम एक बस का रूट वाया रैल बड़ा शुरू करना चाहिए।
-मोहित ओबरॉय
लोगों की सुविधा के लिए सीधी बस सुविधा जरूरी है। इससे लोगों को काफी लाभ मिलेगा। हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारियों को इस रूट पर बस चलाने के लिए विशेष ध्यान रखना चाहिए। इससे गरीब वर्ग के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
-विनय सोनी
शिमला और धर्मशाला के लिए वाया रैल बड़ा बस सुविधा प्रदान करने के लिए लोगों को एक मांगपत्र हिमाचल पथ परिवहन निगम को भेजना चाहिए। इसे उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। अगर इस रूट पर बस चलाने या रूट को डायवर्ट करने की मंजूरी मिलती है, तो हम उसे शुरू कर देंगे।
-राहुल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी डिपो हमीरपुर
मोहित ओबराॅय
मोहित ओबराॅय
मोहित ओबराॅय