नादौन। नपं के वार्ड तीन में सोमवार सुबह शौचालय का डंगा धंसने से एक महिला गड्ढे में गिर गई। शोर मचाने पर पड़ोसियों ने महिला को मलबे से निकालकर उसका उपचार करवाया। सुबह करीब 7 बजे स्थानीय निवासी अमर सिंह के घर के पीछे की तरफ बनाए शौचालय के दो कमरे और एक स्टोर डंगा धंसने से ध्वस्त हो गए।
सारा मलवा गड्ढे में समा गया। जब डंगा धंसा तो मायके आई एक महिला भी शौचालय जा रही थी और वह भी मलबे सहित गड्ढे में गिरकर बुरी तरह फंस गई। करीब 8 फीट गहरे इस गड्ढे में फंसी महिला के ऊपर भी मलबा गिर गया। महिला एक खिड़की और दरवाजे के बीच में फंस गई। महिला के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने बड़ी कठिनाई से महिला को मलबे से बाहर निकाला और उसे तुरंत अस्पताल ले गए।
महिला के सिर और पैर पर चोटें आई हैं। मौके पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष तरुण कपिल ने इस अति निर्धन पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। वहीं, उपमंडल के गांव और डाकघर गुरयाली तहसील नादौन के जोगिंद्र सिंह की पशुशाला बारिश के कारण गिर कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। तहसीलदार मनोहर लाल शर्मा ने कहा कि हल्का पटवारी को मौके पर भेजकर नुकसान का जायजा लेकर शीघ्र रिपोर्ट भेजने का आदेश दे दिया है।