नादौन चौक में खराब हुई बस को ठीक करता मैकेनिक। संवाद
हमीरपुर। एचआरटीसी की लचर व्यवस्था का खामियाजा आए दिन यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। शनिवार को भी पालमपुर डिपो की बस के पहिये नादौन चौक के पास थम गए।
तकनीकी दिक्कत आने के कारण बस आगे नहीं बढ़ सकी। बस में बैठे यात्रियों को निगम की अन्य बस में गंतव्य की ओर भेजा गया। सड़क के बीचोंबीच बस के खराब होने के कारण जाम की स्थिति भी बन गई। हालांकि एक घंटें के बाद मैकेनिक ने बस की खामी को दुरुस्त कर दिया। पालमपुर डिपो की यह बस हमीरपुर बस अड्डा से दोपहर 12:40 मिनट पर आठ सवारियों के साथ वाया सुजानपुर चढि़यार के लिए रवाना हुई, लेकिन नादौन चौक के पास बस में तकनीकी दिक्कत आ गई, जिस कारण बस वहीं पर रुक गई।
बस परिचालक ने अभी सवारियों की ही टिकट काटी थी। बस खराब होने के कारण जाम की स्थिति भी बनी। हालांकि ट्रैफिक कर्मी जाम की स्थिति को संभालने में जुटे रहे, जिस कारण वाहन चालकों को अधिक परेशानी नहीं हुई। बस खराब होने की सूचना मैकेनिक को दी गई। मैकेनिक भी मौके पर पहुंचा और बस को ठीक किया।
कोट
पालमपुर डिपो की बस नादौन चौक के पास खराब हुई थी। मैकेनिक को बुलाकर बस की तकनीकी खामी को दुरूस्त किया गया है। बस में बैठी सवारियों को निगम की अन्य बस में गंतव्य तक भेजा गया।
-रामलाल, प्रभारी, बस अड्डा, हमीरपुर