दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चल रहे चैत्र मेलों के बीच प्रदेश सरकार के टोल टैक्स वापसी के निर्णय से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है। मंदिर के महंत राजेंद्र गिरी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए सरकार का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि यदि टोल टैक्स से जुड़ा निर्णय वापस नहीं लिया जाता और प्रदेश की सीमाएं सील कर दी जातीं तो इसका सीधा असर दियोटसिद्ध में लगने वाले चैत्र मेलों पर पड़ता। हर दिन हजारों की संख्या में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और जम्मू सहित देश-विदेश से श्रद्धालु बाबा बालक नाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। महंत ने कहा कि पहले 31 मार्च रात 12 बजे से सीमाएं बंद करने का निर्णय लिया गया था, जिससे श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल था।
इस दौरान उन्हें बाहरी राज्यों से लगातार फोन भी आ रहे थे, जिनमें श्रद्धालु स्थिति को लेकर जानकारी ले रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा समय रहते निर्णय वापस लेने से अब हालात सामान्य हैं और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ेगा।
महंत राजेंद्र गिरी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। सभी सीमाएं खुली हैं और श्रद्धालु पहले की तरह निर्बाध रूप से दियोटसिद्ध पहुंचकर बाबा के दर्शन कर सकते हैं।