सलौणी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के सलौणी क्षेत्र के खंगालता गांव में आठ दिन से पानी की सप्लाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों पर पानी सप्लाई करने में भेदभाव करने का आरोप लगाया है। क्षेत्रवासियों अशोक, पवन, चंद्र भाटिया, अजय, किरण, कोमल, भानु आदि ने बताया कि 24 जून को डेढ़ घंटा गांव को पानी मिला और 27 जून को केवल 15-20 मिनट पानी देकर शेष दिन जलशक्ति विभाग ने सप्लाई नहीं दी। सलौणी टैंक से ही 27 जून को सलौणी बाजार में दो घंटे तक पानी दिया गया और दो जुलाई को भी डेढ़-दो घंटे बाजार में पानी सप्लाई किया गया, लेकिन साथ लगते खंगालता गांव को पानी नहीं दिया गया।
लोगों ने जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों पर जानबूझ कर बाजार में ज्यादा पानी देने और गांव को नाममात्र पानी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को भी फोन पर इसकी शिकायत की है। उन्होंने सरकार एवं विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि उन्हें पानी की नियमित सप्लाई दी जाए और भेदभाव कर रहे कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। इस बारे में बड़सर जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता सुरेश ठाकुर का कहना है कि पानी गंदा होने के कारण सप्लाई बाधित हुई है। जल्द ही पानी की सप्लाई सुचारु होगी। अनियमितता बरतने वाले कर्मचारियों से जवाब तलब किया जाएगा।