संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ा (हमीरपुर)। नादौन क्षेत्र की कुणाह खड्ड में अवैध खनन के खिलाफ फस्टे और सपड़ोह पंचायतों के ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। दोनों पंचायतों के करीब 15 गांवों के लोगों ने शुक्रवार को सपड़ोह पंचायत के गरियाली गांव में संयुक्त बैठक कर खनन पर रोक लगाने की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। बैठक में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और जिला प्रशासन से कुणाह खड्ड में हो रहे अवैध खनन पर तुरंत रोक लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि लगातार खनन से आसपास की निजी जमीनों को नुकसान पहुंचने का खतरा है। इसके अलावा करीब 15 गांवों के लोगों के अंतिम संस्कार के लिए लगभग 10 लाख रुपये की लागत से बनाया गया श्मशानघाट भी खतरे में पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और अवैध खनन रोकने के लिए जल्द कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो सभी गांवों के लोग एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।
बैठक में फस्टे पंचायत के उपप्रधान पूर्ण सिंह, ओम प्रकाश, बिहारी लाल, जगदीश चंद, विजय कुमार, कुलदीप सिंह, देशराज, दलीप सिंह, संसारो देवी, माया देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।