नादौन। एनएच अंब किनारे खालसा गेट से नागरिक अस्पताल तक संपर्क सड़क किनारे खड़े वाहनों से जाम की स्थिति बन रही है। इसे लेकर लोगों में भारी रोष है। विकास कुमार, विजय कुमार, अश्वनी, रामस्वरूप, केशव, नानक और सीताराम ने कहा कि सड़क का उपयोग अदालत परिसर, पुराना बाजार, अस्पताल और औद्योगिक क्षेत्र में आवाजाही के लिए किया जा रहा है। कहा कि सबसे अधिक परेशानी तो औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाले बड़े वाहनों के चालकों को होती है।
इसी स्थल के पास तीखी ढलान है और ढलान पर ही एक तीखा मोड़ भी है। यहीं पर सबसे अधिक जाम लगता है। उन्होंने कहा कि इस जाम में रोगियों को ले जा रही एंबुलेंस को भी अक्सर फंसा हुआ देखा जा सकता है। अस्पताल पहुंचने में देरी हो रही है। मांग की है कि इस समस्या का शीघ्र समाधान करवाया जाए। थाना प्रभारी नीरज राणा ने कहा कि पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है।