मिठाई की दुकान पर बिना ढ़के रखी हुई मिठाई।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिला मुख्यालय में मिठाइयों की दुकानों से वैद्यता तिथि गायब है, जबकि विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। मिठाइयों पर वैद्यता तिथि न होने से उनके बनने और खराब होने का पता उपभोक्ताओं को नहीं चल पा रहा है। ऐसे में कई दुकानों पर ग्राहकों को कई दिन पहले बनी मिठाइयां ही परोसी जा रही हैं। जबकि खाद्य सुरक्षा विभाग भी इस संबंध में दुकानदारों पर कार्रवाई नहीं कर रहा है।
दुकानदार कम समय में खराब होने वाली मिठाइयों को भी दुकान में बिना वैद्यता तिथि के रखकर बेच रहे हैं। इनमें कलाकंद ऐसी मिठाई है, जिसकी वैद्यता तिथि महज दो दिन होती है, लेकिन कई दुकानों में तिथि अंकित न करके कई दिनों तक इसे बेचा जाता है। जिसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है।
वहीं, शहरभर की अधिकांश मिठाइयों की दुकानों में हलवाई बिना ऐप्रन, मास्क और सफाई का ध्यान रखे बिना मिठाइयां बनाकर उन्हें बिना ढके रखते हैं। मिठाई की दुकानों में स्वच्छता नियमों की भी अवहेलना हो रही है, लेकिन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। हालांकि फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार मिठाई विक्रेताओं को इनकी वैद्यता तिथि अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन विभाग की कार्यप्रणाली के कारण जिला मुख्यालय सहित जिले की अन्य दुकानों में इन दिशा निर्देशों का पालन नहीं हो पा रहा है। वहीं, इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मधुबाला का कहना है कि दुकानदारों को इस संबंध में जागरूक किया गया है। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।