हमीरपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने जिला के संबंधित अधिकारियों को हमीरपुर-मंडी नेशनल हाईवे के कार्य से संबंधित सभी औपचारिकताएं अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को यहां हमीर भवन में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि इस हाईवे की जद में आने वाले लोगों को मुआवजा प्रदान करने, पेड़ों के कटान और डंपिग साइट चिह्नित करने से संबंधित सभी प्रक्रियाएं जल्द पूर्ण होनी चाहिए।
इसके लिए सभी संबंधित विभाग जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करें। उन्होंने कहा कि सड़क के लिए भूमि अधिग्रहण व्यक्ति विशेष को फायदा पहुंचाने के लिए नहीं होना चाहिए। हमीरपुर बाइपास के टेढ़े-मेढ़े मार्ग का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए कहा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की समीक्षा करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिला के मुख्य मार्गों को इस योजना के तीसरे चरण में शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि इन्हें अपग्रेड किया जा सके।
अनुराग ठाकुर ने जिला में अवैध खनन की शिकायतों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी कड़ी नाराजगी जताई और शीघ्र सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। अवैध और अवैज्ञानिक खनन से नदी नालों का जलस्तर गिर रहा है। साथ ही लोगों की उपजाऊ जमीनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। इससे पर्यावरण को भी खासा नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन रोकने के लिए आधुनिक तकनीक का भी प्रयोग किया जाना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज हमीरपुर के नए परिसर का कार्य युद्ध स्तर पर होना चाहिए। इसके लिए कालेज के प्रधानाचार्य नियमित रूप से साइट का निरीक्षण करें।
मेडिकल कालेज और जिला के अन्य अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड सुविधा के संबंध में भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। जल शक्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने नादौन की सिंचाई योजना का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला में विभिन्न योजनाओं में आउटसोर्स पर कार्य कर रहे पंप ऑपरेटरों को मानदेय समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने बैंक शाखा से पांच किलोमीटर से अधिक दूरी वाले गांवों को चिह्नित करने तथा उन गांवों में बैंक शाखाएं खोलने की दिशा में तेजी से कार्य करने को कहा। इस अवसर पर उपायुक्त देबश्वेता बनिक, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, एडीएम जितेंद्र सांजटा, अन्य अधिकारी तथा समिति के गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।
जिले में बनेंगे 75 सरोवर, जगह चिह्नित करें अधिकारी
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि जल संरक्षण कार्यों को गति प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार हर जिला में 75 सरोवर बनाएंगे। हमीरपुर जिला में भी संबंधित अधिकारी अतिशीघ्र इन सरोवरों के लिए जगह चिह्नित करें। इनके लिए ग्रामीण विकास विभाग, जलशक्ति विभाग और पंचायत जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि इनके कार्य जल्द शुरू किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि अगर जिला में सरोवरों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होते हैं तो विभिन्न नालों पर चैक डैम भी बनाए जा सकते हैं। जन औषधि केंद्रों के लिए भी स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए। अगले माह जिले में महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला में स्कूल और कालेज विद्यार्थियों के लिए राष्ट्र भक्ति गीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
इस प्रतियोगिता के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी तैयारी शुरू करें। आने वाले समय में जिला में तंदरुस्त बाल स्पर्धा भी करवाई जाएगी। अनुराग ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के आकलन के लिए वह व्यक्तिगत रूप से इस योजना के लाभार्थियों से रूबरू होंगे।