गारली में मकान में लगी आग को बुझाने का प्रयास करते ग्रामीण।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के गारली बाजार में एक रिहायशी मकान आग की भेंट चढ़ गया। आग लगने से मकान मालिक को करीब दो लाख का नुकसान हुआ है। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और साथ लगते घरों को आग से बचाया।
गारली बाजार में हरनाम दास पुत्र उधोराम का दो मंजिला स्लेटपोश मकान वीरवार को आग की भेंट चढ़ गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मकान से धुआं उठता देख परिजनों ने शोर मचाया। मौके पर आसपास के लोग इकट्ठे हुए और आग बुझाने लगे, लेकिन आग ने प्रचंड रूप धारण कर लिया। इस पर दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया। तहसीलदार बड़सर वीना कुमारी ने बताया कि पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये फौरी राहत राशि दी गई है। बिझड़ी अग्निशमन चौकी प्रभारी रतन चंद शर्मा ने बताया कि दमकल वाहन सूचना मिलते ही मौके पर गया और टीम ने आग पर काबू पाकर साथ लगते घरों को आग से बचा लिया है।