हमीरपुर। घर में घुसकर चोरी करने के प्रयास में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को मकान मालिक ने मौके पर दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया है। जिला बिलासपुर निवासी सुमित शर्मा की शिकायत पर यह मामला थाना सदर में पंजीकृत हुआ है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह हमीरपुर के वार्ड नंबर 3 प्रतापनगर में दिनेश ठाकुर के मकान में बतौर किरायेदार रहता है। यहां पर रहते हुए वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। रविवार आधी रात को करीब साढ़े ग्यारह बजे वह खाना खाकर और पढ़ाई करके अपनी रिहायश में सो गया था। जब वह सोया था तो गलती से कमरे के दरवाजे की कुंडी खुली रह गई थी।
आधी रात को हल्की सी दरवाजा खुलने की आवाज सुनाई पड़ी। नींद में होने के कारण कोई विशेष ध्यान ना दे पाया। लेकिन उसी समय अहसास हुआ कि कोई व्यक्ति हल्के से धीमी आवाज में आपस में बात कर रहे हैं। इस पर सुमित एकदम बिस्तर से उठा तो देखा कि कमरे में दो व्यक्ति मौजूद थे। इनमें से एक व्यक्ति टेबल में रखे मेरे पर्स को खोलकर चेक कर रहा था और दूसरे व्यक्ति ने अपने हाथ में एक लाल रंग का कटर पकड़ रखा था। किरायेदार के चिल्लाने की आवाजें सुनकर यह दोनों आरोपी दरवाजा खोलते ही बाहर की तरफ भागे। मकान मालिक दिनेश ठाकुर भी शोर सुनकर मौके पर पहुंचे। दोनों आरोपी व्यक्ति दीवार फांद कर गली में नीचे की तरफ भाग रहे थे। सुमित और दिनेश दोनों इन्हें पकचटने के लिए भागे व करीब 50 मीटर दूर इनमें से एक व्यक्ति रास्ते में गिर गया, जिसे पकड़ लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति वहां से भागने में कामयाब रहा। थोड़ी देर बाद दूसरे को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम कमल ठाकुर निवासी हरितल्यांगर डाकघर डंगार तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर बताया। जबकि दूसरा आरोपी शिव कुमार गांव देहरु, तहसील खुडियां जिला कांगड़ा का रहने वाला है। दोनों ही आरोपियों पर पूर्व में भी चोरी व गृह भेदन के अनेकों केस विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
शराब के नशे में हुड़दंग करते तीन दबोचे
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत रविवार देर रात 12.30 बजे अणु चौक पर स्थित रेन शेल्टर में तीन लोग शराब के नशे में हुड़दंग करते हुए पाए गए। पुलिस एक्ट की धारा 114 में कार्रवाई करके तीनों का हमीरपुर अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। तीनों पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नशे का सेवन करने वालों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।