बुढ़िया दा परों से गांव बिहड़ू तक बनाई कच्ची सड़क। संवाद
बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के बुढ़िया दा परों से गांव बिहड़ू तक बनाई दो किलोमीटर सड़क को 15 वर्ष बाद भी पक्का नहीं किया गया है। संपर्क सड़क के निर्माण का उद्देश्य स्थानीय लोगों को सड़क सुविधा उपलब्ध कराना था, लेकिन इतने लंबे समय के बाद भी सड़क पक्की नहीं हो पाई।
करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क पर आज भी लोगों को धूल, मिट्टी और बरसात के मौसम में कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। इस सड़क पर एक पुलिया निर्माण का प्रस्ताव भी लंबे समय से लंबित है। हालांकि हाल ही में पुलिया और कलवट के निर्माण का कुछ कार्य शुरू किया गया, लेकिन वह भी अभी तक पूरा नहीं हो सका है।
इस संपर्क सड़क के लिए 89 लाख 57 हजार रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई, लेकिन इस घोषणा को हुए तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। स्वीकृत की गई राशि महज घोषणाओं तक ही सीमित है।
कोट
89 लाख रुपये की स्वीकृति का मतलब यह नहीं है कि पूरी राशि विभाग को प्राप्त हो चुकी है। यह केवल एक एस्टीमेट होता है। चार लाख रुपये की लागत से एक पुलिया और कलवट का निर्माण किया गया है। जैसे ही विभाग को अतिरिक्त धनराशि प्राप्त होगी और टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी, सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-संजय सोनी, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बड़सर