नादौन में अनियंत्रित होकर फर्नीचर के शोरूम में घुसा टेंपो।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। राष्ट्रीय राजमार्ग 88 पर नादौन की त्रिमूर्ति मार्केट के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर दुकान के बाहर रखे समान को रौंदता हुआ शोरूम में घुस गया। गनीमत रही कि इस हादसे की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया। यहां खड़े लोगों ने भाग कर जान बचाई। अन्यथा कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
हादसे में दुकान के बाहर बेचने के लिए रखे डबल बेड, टेबल, चारपाई, फर्नीचर, कुर्सियों समेत बरामदे में बनाया गया शेड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बरामदे को भी क्षति पहुंची है। इस घटना में शोरूम का करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। ट्रक चालक रंजीत निवासी गांव रैखा ने पुलिस को बताया कि वे ज्वालाजी से हमीरपुर की ओर जा रहा था कि अचानक ट्रक बेकाबू हो गया और शोरूम से जा टकराया।
यातायात प्रभारी मनोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी योगराज चंदेल ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।