बाईपास हमीरपुर पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ ट्रक।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत हमीरपुर बाईपास पर कार से टक्कर के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जबकि कार में सवार तीन लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ मुकद्दमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11 बजे पक्काभरो से बाईपास की तरफ जा रहे एक ट्रक की टक्कर हमीरपुर से बाईपास की ओर आ रही कार से हो गई। इस टक्कर के बाद ट्रक चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया और ट्रक पैरापिट को उखाड़ता हुआ साथ लगते नाले में लुढ़क गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने गंभीर घायल ट्रक चालक को से निकाला और मेडिकल कॉलेज हमीरपुर उपचार के लिए भिजवाया। ट्रक चालक की पहचान राजेश कुमार (41) निवासी नेपाल के रूप में हुई है। वह मैड़ क्षेत्र में ट्रक मालिक के यहां रहता है।
कार सवार तीन लोगों को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही सदर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। जांच अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि दोनों वाहन चालकों की गलती है। इसलिए दोनों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज किया गया है। एसएचओ सदर निर्मल सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। घायल ट्रक चालक को पीजीआई रेफर किया गया है।