मकान मालिक ने जल्द पेड़ हटाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत टिक्कर डिडवीं के अंतर्गत गांव डिडवीं में विद्युत सप्लाई लाइन पर शनिवार शाम बारिश के चलते पेड़ गिर गया। इससे साथ लगते घर में करंट फैलने का खतरा पैदा हो गया है। पेड़ गिरने की वजह से यहां बिजली के तार इकट्ठे हो गए हैं और साथ लगते मकान के साथ दो-तीन इंच की दूरी पर हैं। ऐसे में यदि जरा सी भी हलचल होती है तो मकान में रहने वाले लोगों के लिए करंट लगने का खतरा पैदा हो सकता है।
मकान मालिक विजय कुमारी ने बताया कि शनिवार शाम जोर का धमाका हुआ। सुबह देखा तो एक पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया था। इसके साथ यहां पर और भी पेड़ हैं। पेड़ों के साथ तार जुड़ गए हैं। इसकी वजह से उनके मकान में को भी खतरा बन गया है। अगर शीघ्र इसका हल नहीं किया गया तो कुछ भी हो सकता है। बिजली सप्लाई का यह क्षेत्र विद्युत बोर्ड उपमंडल लंबलू के अंतर्गत आता है। इस संदर्भ पर विद्युत बोर्ड उपमंडल लंबलू के सहायक अभियंता ज्ञानचंद भाटिया से फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि शीघ्र ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं, कनिष्ठ अभियंता सन्नी चंदेल ने भी समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।