नादौन के साथ मांबाल घाट गांव में आग लगने से जला ट्रासफार्मर। संवाद
मांबाल घाट गांव में दोपहर के समय अज्ञात लोगों ने जंगल में लगाई आग
आग लगने से ट्रांसफार्मर की केबल जलकर राख, हो सकता था अधिक नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के मांबाल घाट गांव में अज्ञात लोगों की ओर से लगाई गई आग से जंगल के पास लगाए गए ट्रांसफार्मर को काफी नुकसान पहुंचा है और उसकी केबल जलने से विभाग को भी आर्थिक हानि हुई है। ट्रांसफार्मर जलने से एक घंटे तक इसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही परंतु विभाग के कर्मचारियों ने मुस्तैदी से काम करते हुए अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है।
दोपहर के समय लोगों ने जैसे ही आग से ट्रांसफार्मर की केबल को जलते हुए देखा तो उन्होंने तुरंत विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने आपूर्ति बहाल करने का कार्य आरंभ कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कर्मचारी नहीं पहुंचते तो नुकसान और अधिक हो सकता था। स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि जानबूझकर जंगलों में आग लगने वाले लोगों की पहचान करके उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इस संबंध में बिजली बोर्ड नादौन के एसडीओ अक्षय कुमार ने कहा कि ट्रांसफार्मर की केबल जल गई है परंतु इससे प्रभावित अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह से आग लगाने का आरोपी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।