हमीरपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री की अध्यक्षता में बुधवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस जागरूकता शृंखला के अंतर्गत शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सीएमओ कार्यालय के समस्त कर्मचारियों ने भाग लिया। जनसूचना एवं संप्रेषण अधिकारी सुरेश शर्मा ने बताया कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए एक बहुत बड़ी हानि है। तंबाकू के सेवन से गैर संचारी रोगों से होने वाली मौतों में से 16 फीसदी इसी कारण से होती हैं। तंबाकू में लगभग 4 हजार से ज्यादा जहरीले तत्व पाए जाते हैं। जिनमें अधिकांश कैंसर कारक है, जो कई गंभीर बीमारियों के साथ विभिन्न प्रकार के जानलेवा कैंसर शरीर में पैदा करते हैं।
विश्वभर में लगभग 130 करोड़ से अधिक लोग विभिन्न रूप में तंबाकू का उपभोग करते हैं। जिसके कारण प्रति वर्ष 80 लाख से अधिक व्यक्ति असमय मौत के मुंह में समा जाते हैं। सीएमओ ने कहा कि तंबाकू पदार्थों की गिरफ्त में आए लोगों को इससे बाहर लाना वास्तव में एक बहुत बड़ी चुनौती है। जिसके लिए हमें चिकित्सीय सहायता के साथ एक ऐसे परिवेश का निर्माण करना भी नितांत आवश्यक है जो सबके लिए स्वास्थ्यवर्द्धक हो। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हम सभी को अपने स्तर पर सार्थक प्रयास करने होंगे, ताकि हम एक तंबाकू रहित समाज का निर्माण कर सकें।