पहले पेयजल और बिजली लाइनों को भूमिगत करने का होगा कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
कांगू (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन में पेयजल पाइप डालने और बिजली लाइनों को भूमिगत करने के कार्यों के चलते गलियों तथा बाजारों में पेवर टाइल लगाने के कार्य पर कुछ माह तक विराम लग सकता है। पेयजल पाइप और बिजली लाइनों को बिछाने के लिए क्षेत्रभर में सड़कों तथा गलियों को उखाड़ा जाना है। ऐसे में यदि सड़कों और गलियों को पहले पक्का कर दिया जाए तो उन्हें पेयजल तथा बिजली लाइनों को भूमिगत बिछाने के लिए फिर से उखाड़ना पड़ेगा। ऐसे में इन कार्यों पर किया गया खर्च बेकार साबित होगा।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 30 करोड़ की लागत से पेयजल योजना स्वीकृत की है। इसका कार्य पिछले तीन माह से प्रगति पर है। इस कार्य को नौ माह में पूरा किए जाने की समय सीमा तय है। वहीं, नादौन शहर में बिजली आपूर्ति की लाइनों को भी भूमिगत करने की स्वीकृति दी गई है। इन दोनों कामों के लिए शहरभर की सड़कों और गलियों को उखाड़ा जा सकता है।
कोट
नगर पंचायत नादौन के सचिव हर्षित शर्मा ने कहा कि बिजली बोर्ड और जल शक्ति विभाग की ओर से अपना काम पूरा करने के बाद ही सड़कों और गलियों को पक्का करने का कार्य किया जाएगा। इससे पहले यह कार्य करना धन का दुरुपयोग ही साबित होगा।
जल शक्ति विभाग की अधिशासी अभियंता मनीष सहगल ने कहा कि पिछले तीन माह से नादौन शहर के लिए पूरा सप्ताह 24 घंटे पेयजल स्कीम का कार्य चला हुआ है। इसके लिए शहर की गलियों के एक भाग की खोदाई की जा रही है और इसे मरम्मत करने की जिम्मेदारी जल शक्ति विभाग की रहेगी और यह कार्य आगामी छह माह तक पूरा कर दिया जाएगा।