भीषण गर्मी के बीच सुरक्षा कर्मचारियों को हो रही खासी दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। उत्तरी भारत के विश्व प्रसिद्ध सिद्ध पीठ दियोटसिद्ध में बैरियर नंबर दो के पास बने सिक्योरिटी कक्ष में सुरक्षा कर्मचारियों के लिए पंखे तक की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में भीषण गर्मी के बीच कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिक्योरिटी कक्ष में पंखे को छोड़कर मंदिर में अधिकारियों के लिए बने कक्षों में एसी और कूलरों की सुविधा है। सिक्योरिटी कक्ष जिनके सहारे मंदिर की सारी सुरक्षा व्यवस्था चलती है, उन कर्मचारियों के लिए अगर सिक्योरिटी कक्ष में पंखें तक नसीब न होना मंदिर न्यास की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है।
सिद्धपीठ में श्रद्धालु करोड़ों रुपये का चढ़ावा चढ़ाते है लेकिन मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था संभाले सुरक्षा कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था शून्य है। मंदिर न्यास की ओर से बनाए गए सहायता कक्षा में थोड़ी देर के लिए आराम करना हो तो 40 डिग्री तापमान में कर्मचारियों को आराम करने के लिए पंखे तक की सुविधा नहीं है। दूसरी ओर मंदिर ट्रस्ट प्रदेश सरकार को किसी प्रकार की आपदा आ जाने पर करोड़ों के चेक सरकारी खजाने में दिए जाते हैं परंतु मंदिर ट्रस्ट के पास सुरक्षा कर्मचारियों की सुविधा के लिए सिक्योरिटी कक्षा में आज तक पंखा तक नहीं लग सका है। ऐसे में कर्मचारियों को उमस भरी गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में बाबा बालक नाथ मंदिर के अधिकारी रोशन लाल ने कहा कि उन्होंने हाल ही में मंदिर अधिकारी का कार्यभार संभाला है। शीघ्र ही बैरियर नंबर दो के पास पंखे लगवा दिए जाएंगे।