भरेड़ी बाजार में सड़क किनारे लड़ते दो सांड। स्रोत : जागरूक पाठक
भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत भरेड़ी बाजार में लावारिस पशुओं की समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है। शुक्रवार सुबह दो सांडों के बीच सड़क पर हुई जबरदस्त लड़ाई से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
मुख्य बाजार में सड़क के बीचोंबीच हुई इस भिड़ंत के चलते हल्का जाम भी लगा रहा। इससे पैदल चलने वालों से लेकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने बताया कि दोनों सांडों के बीच लड़ाई इतनी उग्र थी कि कई राहगीर खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
लोगों ने किसी तरह जान जोखिम में डालकर सांडों को वहां से हटाया। स्थानीय निवासियों में बलबीर, पंकज, संजय, संदीप, टेक चंद, पवन, श्याम कालिया आदि ने बताया कि यह कोई नई समस्या नहीं है। भरेड़ी में पिछले कई महीनों से लावारिस पशु बाजार, स्कूल, अस्पताल और रिहायशी क्षेत्रों में खुलेआम घूम रहे हैं। प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है। गो रक्षक दल भरेड़ी के प्रधान दीपक ने प्रशासन से आग्रह किया है कि लावारिस पशुओं की समस्या से निजात दिलाई जाए।