बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के अंतर्गत बिझड़ी और चकमोह में शातिरों ने एक ही रात में तीन शिव मंदिरों के ताले तोड़कर कर चोरी को अंजाम दिया। एक साथ तीन मंदिरों के ताले टूटने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मामले में बड़सर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सुबह जब बिझड़ी के नागेश्वर शिव मंदिर में साफ-सफाई और पूजा अर्चना के लिए लोग पहुंचे तो मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। जब मंदिर के अंदर जांच की गई तो दान पात्र भी टूटा हुआ था और उसमें से चढ़ावे के पैसे गायब थे। इसके अलावा मंदिर के अंदर बने कमरे का ताला भी टूटा हुआ और सारा सामान बिखरा पड़ा था। कमरे में रखी नकदी के अलावा चांदी के बर्तन भी गायब थे।
मंदिर पुजारी सुरिंद्र शर्मा ने कहा कि मंदिर में निजी काम के लिए रखी 50,000 रुपये की नकदी के अलावा मंदिर में चढ़ावे के 7,000 रुपये भी चोर ले गए हैं। इसके अलावा चकमोह में भी दो मंदिरों में चोरियां हुई हैं। चकमोह में पंचवटी चौक के अलावा स्कूल के पास बने मंदिर में भी देर रात चोरी की घटनाएं हुई हैं। यहां पर गांव में इन मंदिरों से चढ़ावे की सैकड़ों रुपये चुराए गए हैं। हालांकि इन मंदिरों संचालकों की तरफ से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
चकमोह पंचायत प्रधान किरण बाला ने कहा कि चोरों ने मंदिरों के ताले तोड़ कर दान के रुपये चुरा लिए गए हैं। मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस टीम मामले की छानबीन कर रही है। बिझड़ी पुलिस चौकी में तैनात एएसआई अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। तमाम सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।