डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। राजकीय टीजीटी कला संघ ने आठ वर्ष बीत जाने के बाद भी वरिष्ठता क्रमांक जारी न होने पर रोष व्यक्त किया है। संघ ने राज्य स्कूल शिक्षा निदेशालय से सभी लंबित वरिष्ठता सूचियों को आगामी माह तक जारी करने की मांग की है।
पदाधिकारियों के अनुसार प्रदेश में वर्ष 2018 से 2026 के बीच नियुक्त लगभग तीन हजार टीजीटी शिक्षक वरिष्ठता क्रमांक का इंतजार कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कौशल और महासचिव विजय हीर ने बताया कि अभी तक न तो आरंभिक सूची तैयार हो पाई है और न ही अंतिम सूची जारी की गई है, जिससे हजारों शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि टीजीटी शिक्षक लंबे समय से शिक्षा विभाग से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संघ ने स्पष्ट किया कि वरिष्ठता सूचियों को अनिश्चितकाल तक लंबित नहीं रखा जा सकता।
संघ के अनुसार सेवा नियमों, प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों और कार्मिक विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत वरिष्ठता सूची का समय पर निर्माण और प्रकाशन अनिवार्य है। वरिष्ठता पदोन्नति, स्थानांतरण, सेवा लाभ और करियर प्रगति का आधार होती है।
संघ ने कहा कि आठ वर्ष के सेवाकाल के बावजूद वरिष्ठता क्रमांक उपलब्ध न होना गंभीर स्थिति है, क्योंकि बिना इसके कन्फर्मेशन और प्रमोशन की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।