हमीरपुर। पंचायत चुनावों में भाजपा के भीतर उठी बगावत अब प्रदेश नेतृत्व तक पहुंच गई है। बड़सर और हमीरपुर के बाद अब सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में भी पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष और भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत आठ पदाधिकारियों व सक्रिय कार्यकर्ताओं के खिलाफ जिला भाजपा ने प्रदेश अनुशासन समिति को रिपोर्ट भेजी है। भाजपा मंडल बमसन और सुजानपुर की ओर से भेजी गई शिकायतों में तीन नेताओं पर पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने, जबकि पांच अन्य पर बागी उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने के आरोप लगाए गए हैं।
इससे पहले बड़सर विस क्षेत्र के पूर्व विधायक बलदेव शर्मा पर कार्रवाई की अनुशंसा संबंधित मंडल की ओर से की जा चुकी है। ऊहल जिला परिषद वार्ड में भाजपा समर्थित प्रत्याशी मंगलेश ठाकुर के खिलाफ मैदान में उतरी जिला भाजपा उपाध्यक्ष सुमन चौहान और भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला सचिव ज्योति ठाकुर के खिलाफ बमसन मंडल ने कार्रवाई की अनुशंसा की है।
वहीं, पनोह वार्ड में पार्टी समर्थित प्रत्याशी आशा ठाकुर के खिलाफ चुनाव लड़ रही प्रदेश शहरी निकाय प्रकोष्ठ की सह संयोजक वीना कपिल के खिलाफ सुजानपुर मंडल ने रिपोर्ट भेजी है। इसके अलावा बमसन मंडल ने पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर और भाजपा जिला चुनाव प्रबंधन प्रकोष्ठ के सह संयोजक पवन शर्मा पर भी बागियों के समर्थन के आरोप लगाए हैं।
इसी प्रकार सुजानपुर मंडल ने जिला भाजपा प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सह संयोजक अनिल शामा, उनकी पत्नी अनिता कुमारी और भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के सह संयोजक और भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल मोहन शामा के खिलाफ भी कार्रवाई की अनुशंसा की है।
दरअसल, ऊहल वार्ड में प्रत्याशी चयन को लेकर विवाद के बाद भाजपा के भीतर असंतोष खुलकर सामने आया। पार्टी के संभावित प्रत्याशियों के पैनल में सुमन चौहान, ज्योति ठाकुर और मंगलेश ठाकुर के नाम शामिल थे। पहले ज्योति ठाकुर के नाम पर सहमति बनी, लेकिन बाद में संशोधित सूची में मंगलेश ठाकुर को अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया गया।
इसके बाद नाराजगी बढ़ी और ज्योति ठाकुर व सुमन चौहान दोनों चुनाव मैदान में उतर गईं। जनसंख्या के लिहाज से जिला के 19 जिला परिषद वार्ड में सबसे छोटा ऊहल वार्ड अब भाजपा के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। पार्टी के भीतर बढ़ी गुटबाजी और बगावत ने स्थानीय संगठन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
कोट
भाजपा मंडल बमसन और सुजानपुर से आठ पार्टी पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। तीन कार्यकर्ता समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि पांच पर उनके समर्थन में प्रचार करने के आरोप हैं। मामला प्रदेश भाजपा अनुशासन समिति को भेज दिया गया है।
-राकेश ठाकुर, जिलाध्यक्ष हमीरपुर भाजपा