बड़सर (हमीरपुर)। कुढ़ार-दियोटसिद्ध सड़क पर अब सफर और अधिक आरामदायक और सुरक्षित होगा। लोक निर्माण विभाग कुढ़ार से दियोटसिद्ध सड़क की तस्वीर बदलने के लिए नाबार्ड के सौजन्य से 37 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
करीब 23 किलोमीटर सड़क की हालत को सुधारने के लिए विभाग आवश्यकतानुसार डंगे, पुलियों और और नालियों का निर्माण करवाएगा। सड़क के विस्तारीकरण से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
बता दें कि करीब 23 किलोमीटर कुढ़ार से दियोटसिद्ध सड़क पर सड़क पर गड्ढे पड़े हुए हैं। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के अनुसार इस सड़क पर पिछले करीब सात वर्षों से टारिंग भी नहीं की गई है, वहीं सड़क की चौड़ाई भी काफी कम है। इससे बड़े वाहन चालकों को पास लेने में काफी दिक्कतें पेश आती थीं। सड़क के विस्तारीकरण से अब वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
हालांकि विभाग ने इससे पहले भी करीब सात किलोमीटर तक सड़क के विस्तारीकरण को लेकर कार्य शुरू किया था, जिसे बंद कर दिया है। लोगों का कहना है कि इससे बारिश में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने विभाग से इस कार्य को पूरा करवाने की मांग की है।
कोट :
कुढ़ार-दियोटसिद्ध सड़क के विस्तारीकरण के लिए केवल सात किलोमीटर क्षेत्र के लिए ही राज्य सरकार से बजट मिला था। अब केंद्र से इस सड़क के विस्तारीकरण के लिए 37 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
-डीसी ठाकुर, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बड़सर