जल शक्ति विभाग ने कुणाह खड्ड पर स्थापित किए तीन सैंपलिंग स्टेशन। संवाद
रंगस(हमीरपुर)। जल शक्ति विभाग ने कुणाह खड्ड के पानी की नियमित गुणवत्ता जांचने के लिए तीन सैंपलिंग स्टेशन स्थापित किए हैं, ताकि क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।
विभाग ने रंगस में कुणाह खड्ड पर बने पुल के पास करीब 100 मीटर की दूरी पर खड्ड किनारे सैंपलिंग स्टेशन के लिए एक बोर्ड लगा दिया है। इसी तरह से इसी खड्ड पर रैल में और बिल्कलेश्वर बटाली के पास जहां कुणाह खड्ड और ब्यास का संगम स्थल है, वहां पर भी सैंपलिंग स्टेशन बनाया गया है। विभाग नियमित रूप से दस दिन के अंतराल में पानी के सैंपल लेकर अपनी हमीरपुर या नादौन स्थित लैब में गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल भेजेगा।
विभाग के सहायक अभियंता अमित चौधरी ने कहा कि अब विभाग नियमित रूप से कुणाह खड्ड के पानी के सैंपल लेकर जांच करेगा, ताकि पानी की शुद्धता और गुणवत्ता का सही पत्ता चल सके। विभाग के ऐसे प्रयास करने से कुणाह खड्ड में गंदगी फैलाने वालों पर भी नकेल कसेगी। खड्ड के किनारे सैंपलिंग स्टेशन का बोर्ड लगने से उन पर भी कुछ तो असर होगा।