अपनी रेहड़ी को नाली में गिरने से बचाता व्यापारी। संवाद
नादौन (हमीरपुर)। नगर परिषद नादौन के तहत वार्डों में पेयजल पाइप बिछाने के लिए खोदी सड़क और गलियों को पुन: पक्का नहीं किया गया है, जिससे लोगों को असुविधा हो रही है।
हालांकि, कई स्थानों पर पाइल डाले जा चुके हैं। पेयजल उपभोक्ताओं को पाइप से कनेक्शन भी दे दिए हैं, लेकिन पेयजल पाइप बिछाने के लिए खोदी गई गलियों और सड़कों की मरम्मत नहीं की गई है। मरम्मत के अभाव में स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विवाह-शादियों का सीजन है और ऐसी परिस्थितियों में लोगों को राशन और अन्य खाद्य सामग्री अपने घरों तक पहुंचाना मुश्किल हो गया है।
वहीं, वार्ड नंबर चार और पांच की मुख्य गली में पेयजल कनेक्शन दिए जा चुके हैं और यह शहर की एक मुख्य गली है, लेकिन इसकी दोबारा से मरम्मत नहीं की गई है।
लोगों ने कहा कि कई बार जल शक्ति विभाग और कार्य कर रही कंपनी के ठेकेदारों को समस्या से अवगत करवाया है, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग ने इस कार्य को जल्द पूरा नहीं करवाया तो वह कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।