हमीरपुर। जिला मुख्यालय में बस स्टैंड के बाहर मुख्य मार्ग पर सीवरेज चैंबर लीकेज को ठीक करने के लिए विभाग ने रविवार को इसकी मरम्मत करवाई। इस चैंबर से पिछले दो माह से गंदगी बाहर निकल रही थी। हल्की सी बारिश होने के बाद यह चैंबर लीक हो रहा था।
जिससे बदबू और गंदगी का आलम था। लोगों की शिकायत के बावजूद जलशक्ति विभाग के कर्मचारी इसे ठीक नहीं कर रहे थे। रविवार को अमर उजाला में खबर छपने के बाद विभाग हरकत में आया और इस सीवरेज चैंबर को साफ करवाया। हालांकि, इस दौरान सड़क पर जाम भी लगा रहा। अमूमन रविवार को कम ट्रैफिक होता है, लेकिन परीक्षाएं होने के चलते ट्रैफिक बढ़ गया। जिसके बाद यहां जाम भी लगा।
इसके अलावा गांधी चौक से अस्पताल रोड पर भी कई सीवरेज चैंबर लीक हो रहे हैं। शहरवासियों ने विभाग से इन्हें ठीक करवाने की मांग की है। जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर ने कहा कि सीवरेज चैंबर लीकेज की समस्या का हल कर दिया गया है।