चबूतरे का नहीं किया गया है जीर्णोद्धार, दीवारें टूटीं और पसरी है गंदगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर दो टिहरा के मुख्य बाजार में बने चबूतरे की हालत खस्ता है। लेकिन, नगर परिषद के चुने हुए पार्षदों ने इस चबूतरे की स्थिति को सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। शहर के अन्य चबूतरा की हालत सुधारने के लिए नगर परिषद ने लाखों की धनराशि खर्च की लेकिन नगर परिषद की दुकानों के पीछे बनाया गया यह चबूतरा प्रशासन के अनदेखी का शिकार हो रहा है।
मुख्य बाजार में चबूतरा होने के चलते गर्मियों के दिनों में लोग छाया के लिए इसका उपयोग करते हैं। इस चबूतरे में गंदगी का आलम है। लोगों ने नगर परिषद के अधिकारियों को मौखिक तौर पर इसकी शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस चबूतरे में पुराने समय के ही पत्थर लगाकर निर्माण करवाया गया था। वर्तमान समय में यहां पर दीवारें टूटी हैं और चारों ओर गंदगी है। इस बारे में नगर परिषद की अध्यक्ष शकुंतला देवी ने कहा कि यह चबूतरा उनके अधिकार क्षेत्र में आता है। शीघ्र ही आने वाली नगर परिषद की बैठक में इस चबूतरे के जीर्णोद्धार की बात रखी जाएगी और इसके लिए बजट का प्रावधान करवाकर इस चबूतरे का निर्माण करवाया जाएगा।