जाहू बाजार में पत्थरों से भरे ट्र्रैक्टर का टायर खुला और हार्डवेयर की दुकान में घुसा। संवाद
सड़क के किनारे खड़ी स्कूटी को पहुंचा काफी नुकसान, पुलिस ने शुरू की छानबीन
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। जाहू बाजार में बुधवार को पत्थरों से भरे ट्रैक्टर का एक टायर खुलने से यह हार्डवेयर की दुकान में घुस गया। हादसे में सड़क के किनारे खड़ी स्कूटी को भी क्षति पहुंची है। जानकारी के मुताबिक सीर खड्ड से पत्थर भरकर एक ट्रैक्टर क्रशर की ओर जा रहा था। जाहू बाजार में पहुंचते ही ट्रैक्टर का बड़ा टायर अचानक खुल गया। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बाजार में स्थित हार्डवेयर की दुकान में घुस गया। इससे दुकान के बाहर रखे सामान को भी नुकसान पहुंचा।
सड़क के किनारे खड़ी स्कूटी भी ट्रैक्टर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि ट्रैक्टर के चपेट में आने से लोग बाल-बाल बचे हैं। वहीं, जाहू पुलिस चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि ट्रैक्टर का टायर खुलने से यह हादसा हुआ। इससे स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन जारी है।