जिलाभर के केंद्रीय मुख्य शिक्षकों की होगी वर्चुअल बैठक
छह शिक्षा खंडों के बीईर्ईओ भी ऑनलाइन बैठक में होंगे उपस्थित
पढ़ाई के दौरान बच्चों और शिक्षकों को आने वाली समस्याओं पर होगी चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। प्री-प्राइमरी कक्षाओं के संचालन को लेकर जिलाभर के 105 केंद्रीय मुख्य शिक्षकों की वर्चुअल बैठक आयोजित होगी। इसमें छह शिक्षा खंडों के खंड शिक्षा अधिकारी, प्री-प्राइमरी के जिला समन्वयक और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित होंगे। बैठक में विशेष रूप से प्राथमिक स्कूलों में पढ़ाई के दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों को आने वाली परेशानियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की जाएगी ताकि विद्यार्थियों को स्कूल स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सके।
ऑनलाइन बैठक में केंद्रीय मुख्य शिक्षकों को प्राथमिक स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र 2024 में संचालित हुए विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और विद्यार्थियों को खेल-खेल के माध्यम से घर से लेकर स्कूल तक पढ़ार्ई कराने के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारियों, समन्वयक और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से भी शिक्षकों को टिप्स प्रदान किए जाएंगे, ताकि जेबीटी शिक्षक स्कूल में विद्यार्थियों को पढ़ाई करा सकें। ऑनलाइन बैठक दो भागों में आयोजित होगी। इसमें एक भाग में तीन शिक्षा खंड जबकि दूसरे भाग में तीन शिक्षा खंड बैठक करेंगे।
कोट
प्री-प्राइमरी के जिला समन्वयक भवानी सिंह ने कहा कि जिले के केंद्रीय मुख्य शिक्षकों के लिए दो भागों में ऑनलाइन वर्चुअल बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में स्कूली स्तर पर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के बारे में चर्चा की जाएगी।