हमीरपुर। वन एचपी नेवल यूनिट एनसीसी बिलासपुर की ओर से एनआईटी हमीरपुर में सीनियर डिविजन-विंग के दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन कैडेट्स को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कमांडिंग ऑफिसर कमांडर डाॅ. देबासीश गुहा ने बताया कि सातवें दिन कैडेट्स को प्रमुख रूप से टेंट पिचिंग और ड्रिल का प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान तय समय में टेंट निर्माण करने की जानकारी विभिन्न तरीकों से कैडेट्स को दी गई। नेवल अधिकारियों ने कैडेट्स को सिखाया कि पांच मिनट में कैसे एक टेंट स्थापित हो सकता है। उन्होंने कहा कि फौज में दुर्गम क्षेत्रों में सैनिकों को ऑपरेशन करने पड़ते हैं, इसके लिए टेंट पिचिंग जरूरी होता है, जो कम समय में तैयार करने पड़ते हैं। इससे पहले पीआई स्टाफ ने कैडेट्स को हथियारों का रखरखाव करना और फायरिंग का प्रशिक्षण भी दिया। शूटिंग के लिए पोजीशन लेने, लाइनिंग पोजीशन, टारगेट, ट्रिगर, ऑपरेशन के बारे में विस्तार से जानकारी देकर फायरिंग का अभ्यास कराया। कमांडिंग ऑफिसर ने कैडेट्स में जोश भरते हुए कहा कि एक गोली-एक दुश्मन का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब सैनिक सही पोजीशन के साथ दुश्मन पर आक्रमण कर रहा हो। इसके अलावा कैडेट्स की प्रतिभा को निखारने के लिए सभी कैडेट्स को छह सिंडिकेट में बांटा गया है। हर सिंडिकेट एक विषय की केस स्टडी कर और फिर उस पर अपनी प्रस्तुति का प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर सभी नेवल स्टाफ और एएनओ उपस्थित रहे।