नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन के वार्ड तीन में एक सप्ताह से नल नहीं टपके हैं। इस कारण लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बिना पानी लोगों की दिनचर्या के साथ ही दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। लोग प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं। इसमें सुबह-सुबह स्कूल और कार्यालय आदि जाने वाले लोगों को परेशानी हो ही है। वहीं, पशुओं के लिए पानी नहीं मिल रहा है।
वार्ड वासी राजीव, सुरेंद्र, प्रवीण, विजय और लौकू राम आदि ने कहा कि अभी गर्मियों का मौसम शुरू ही हुआ है और पेयजल किल्लत हो गई। विभाग को कई बार पेयजल की समस्या से अवगत करवाया, लेकिन समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि वार्ड तीन में बेला टिल्लू परियोजना के तहत पानी की आपूर्ति की जाती है, लेकिन एक हफ्ते से बंद पड़ी हैं। लोगों ने जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।
उधर, जल शक्ति विभाग के एसडीओ अमित चौधरी ने कहा कि फोरलेन कार्य के चलते पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उनका मरम्मत कार्य किया जा रहा है। शीघ्र ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।