कन्या स्कूल सुजानपुर में निर्माणाधीन अकादमिक भवन । संवाद
सुजानपुर(हमीरपुर)। राजकीय कन्या उच्च पाठशाला सुजानपुर की छात्राओं को आगामी सत्र 2026-27 में नए भवन की सुविधा मिलेगी। स्कूल में निर्माणाधीन अकादमिक भवन का निर्माण कार्य 40 फीसदी पूरा हो गया है।
शेष 60 फीसदी कार्य प्रगति पर है। कार्य को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने नौ माह का समय निर्धारित किया है। भवन में विभाग ने धरातल मंजिल में लैंटर डालने का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब चारों ओर चिनाई करने का कार्य शुरू होगा, जबकि प्रथम मंजिल में लैंटर डालने का कार्य किया जाएगा। भवन के निर्माण पर लोक निर्माण विभाग की ओर से 50 लाख रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है।
दो मंजिला भवन के प्रथम तल पर विद्यार्थियों के लिए विज्ञान प्रयोगशाला, एक डिजिटल पुस्तकालय, वहीं प्रथम मंजिल पर मुख्याध्यापक कक्ष, स्कूल कार्यालय और चार कक्षा कक्षों का कार्य प्रस्तावित है। कार्य पूर्ण होने से छात्राओं को आगामी सत्र में पढ़ाई करने में काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में स्कूल में छठी से दसवीं कक्षा तक 89 छात्राएं पढ़ाई कर रही हैं।
स्कूल में पांच कमरों की सुविधा है, लेकिन भवन के पुराने होने से छात्राओं को पढ़ाई करने में काफी परेशानी होती है। छात्राओं की सुविधा के लिए स्कूल की ओर से निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। भवन निर्माण कार्य बीते वर्ष 2025 जनवरी में शुरू हुआ है। शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण हो जाएगा, जिससे छात्राओं को पुराने भवन में पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी।
कोट
स्कूल में अकादमिक भवन का कार्य चला हुआ है। कार्य को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से नौ माह तक का समय निर्धारित किया गया है। कार्य पूर्ण होते ही छात्राओं को नए भवन में पढ़ाई करवाई जाएगी।
-आभा गुप्ता, प्रधानाचार्य, कन्या पाठशाला, सुजानपुर