लझयाणी से धमरोल वाया धार खस्ताहाल सड़क। स्रोत : जागरूक पाठक
जाहू (हमीरपुर)। बरसात के मौसम में खराब हुई भोरंज की सड़कों को ठीक करने का कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग मंडल भोरंज के भरेड़ी अनुभाग के अधीन आने वाली पांच किलोमीटर लंबी सड़क लझयाणी से धमरोल वाया धार बेहद खस्ताहाल स्थिति में है।
इस सड़क के जीर्णोद्धार के लिए 40 लाख रुपये खर्च होंगे। विभाग ने कार्य शुरू करने से पहले टेंडर प्रकिया को पूर्ण कर लिया गया है। यह सड़क दो पंचायतों धमरोल और लझयाणी को भोरंज मुख्यालय से जोड़ती है। इससे करीब 2000 आबादी को सुविधा मिलेगी।
बरसात के मौसम में सड़क के उखड़ने से कई स्थानों पर गड्ढे बने हैं। सड़क की दशा को सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग ने करीब 300 मीटर क्षेत्र में सीमेंट के पेवर ब्लॉक लगाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा दुर्घटना संभावित करीब 150 मीटर में क्रैश बैरियर लगाएं जाएगें। जहां-जहां पर सड़क उखड़कर खराब हुई हैं, वहां पर पैच वर्क का कार्य शुरू किया जाएगा।
इससे आने वाले समय में यह सड़क वाहनों के लिए चकाचक होगी। वाहन चालकों को वाहन चलाना आसान होगा। सड़क की खराब दशा को सुधारने के लिए लझयाणी पंचायत उपप्रधान सुरेंद्र शर्मा, धमरोल पंचायत उपप्रधान विजय कुमार व अन्य ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
कोट
लझयाणी से धमरोल सड़क के लिए 40 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। विभाग ने टेंडर प्रकिया पूरी कर ली है। जल्द ही सड़क के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू होगा।
-प्रवीण कुमार, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग अनुभाग भरेड़ी