कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक राणा के नेतृत्व में सुजानपुर ब्लाक कांग्रेस के कार्यकर्ता महंगाई के व?
- फोटो : Hamirpur-HP
सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर ब्लॉक कांग्रेस ने लगातार बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ वीरवार को आवाज बुलंद की है। प्रदेश और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया अध्यक्ष और प्रवक्ता अभिषेक राणा ने कहा कि आज देश का हर वर्ग बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी की वजह से भाजपा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरा है। इस सरकार से हर वर्ग और हर व्यवसायी दुखी है। चुनाव के वक्त जनता को रिझाने के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम कम करना और चुनाव होते ही फिर से उन्हें बढ़ा देना इस सरकार के स्वार्थी स्वभाव का परिचय देता है।
इसके बाद सुजानपुर के एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया। अभिषेक राणा ने बताया कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की वजह से ट्रांसपोर्ट के दाम बढ़ गए हैं और उसकी वजह से आगे हर चीज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इससे मध्यमवर्गीय और गरीब तबका तो पूरी तरह से कुचल दिया गया है। लोगों को अपनी आजीविका चलाना कठिन हो रहा है, लेकिन निष्ठुर सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगती और भाजपा सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। प्रदेश का युवा आज बेरोजगारी के गर्भ में डूबता जा रहा है और दर-दर की ठोकरें खा रहा है। कितने ही लोग प्रदेश से पलायन कर निकटवर्ती राज्यों में जाकर दो जून की रोटी तलाश कर रहे हैं जोकि प्रदेश सरकार के लिए शर्म की बात है। इस मौके पर सुजानपुर नगर परिषद अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, महिला अध्यक्ष, युवा कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य गण्यमान्य सदस्य भी मौजूद रहे।