जिलाभर के स्कूलों में शुरू हुआ फ्यूचर रेडी प्रोग्राम
नई शिक्षा नीति 2020 के तहत स्कूलों में किया गया शुरू
स्कूलों में विद्यार्थियों को व्यावसायिक और आधुनिक माध्यमों से कराई जाएगी पढ़ाई
एसटीइएम योजना से विद्यार्थियों को भविष्य के लिए किया जाएगा तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत जिलाभर के सरकारी स्कूलों में दाखिल विद्यार्थी आधुनिकता से जुड़ेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से जिलाभर के सरकारी स्कूलों में फ्यूचर रेडी प्रोग्राम को शुरू कर दिया गया है। कार्यक्रम के तहत एसटीईएम (एस विज्ञान, टी टेक्नोलाॅजी, इंजीनियरिंग और एम मैप्स रीडिंग) योजना को शुरू किया गया है ताकि स्कूल स्तर पर ही विद्यार्थियों को भविष्य में आने वाली चुनौतियों के लिए सक्षम बनाने और उन्हें आधुनिकता से जोड़कर कौशल युक्त बनाया जाएगा। कार्यक्रम संचालन के लिए शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल प्रमुखों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि स्कूलों में विद्यार्थियों को व्यावसायिक और आधुनिक माध्यमों से ही पढ़ाई करवाई जाए ताकि उन्हें भविष्य में समय की बढ़ती हुई मांगों और प्रौद्योगिकी को अपनाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिले के स्कूलों में कार्यक्रम का संचालन क्रमबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इसके तहत प्रथम चरण में शिक्षकों को आधुनिक माध्यमों का प्रयोग करवाने के लिए प्रशिक्षण और दूसरे चरण में स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करवाया जा रहा है। गतिविधियों के माध्यम से मुख्यत: विद्यार्थियों के लिए विज्ञान, गणित और तकनीकी से आधारित गतिविधियों का आयोजन करेंगे। इसमें विद्यार्थियों को आधुनिक माध्यम से ऐसा पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा जो उन्हें आगामी भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं और अच्छा नागरिक बनने में सहायता करेंंगे। पूर्व में प्रदेश सरकार की ओर से नए सत्र में अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है। पहली और दूसरी कक्षा के लिए अंग्रेजी माध्यम को अनिवार्य किया गया है। धीरे-धीरे अब सभी कक्षाओं के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों को बौद्धिक तौर पर सक्षम बनाया जा सके। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में समय के अनुसार योग्यता बढ़ाने और उनमें पढ़ने और लिखने के कौशलों का विकास करना है।
ब्यान:
जिलाभर के स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही अंग्रेजी माध्यम शुरू करवा दिया गया है। अब स्कूलों में फ्यूचर रेडी प्रोग्राम शुरू किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के आगामी भविष्य में समय के साथ बढ़ते हुई मांगों को पूरा किया जाएगा।
अशोक कुमार, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर