रोबोटिक लैब स्थापित करने का कार्य पूरा, शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
स्कूलों में नेट इंडिया कंंपनी के सहयोग से स्थापित की जा चुकी हैं लैब
अब शिक्षकों को कंपनी के माध्यम से प्रदान किया जा रहा प्रशिक्षण
प्रथम चरण के बाद अब जिले के छह शिक्षा खंडों में लैब के लिए होगा सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिलाभर के 27 स्कूलों में रोबोटिक लैब स्थापित करने का कार्य मुकम्मल हो गया है। अब इन स्कूलों में विद्यार्थी विभिन्न रोबोट उपकरण बनाना और उनकी मरम्मत करना सीखेंगे। बीते वर्ष 2023 में स्कूल नेट इंडिया कंपनी की ओर से 27 स्कूलों को रोबोटिक लैब स्थापित करने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के आधार पर लिए चुना गया था। अब स्कूलों में लैबों को स्थापित करने के बाद कंपनी की ओर से शिक्षकों को प्रशिक्षण देने का कार्य किया जा रहा है ताकि स्कूलों में शिक्षकों को विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्कूलों में स्थापित इन रोबोटिक लैब में विद्यार्थियों को रोबोट, ड्रोन सहित तकनीकी ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए रोबोट के अतिरिक्त अन्य विषयों के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नेट इंडिया कंपनी की ओर से जिले के दो शिक्षा खंडों नादौन और भोरंज के 27 स्कूलों में रोबोटिक लैब स्थापित करवाई जा चुकी हैं। कंपनी की ओर से इन स्कूलों में वर्षभर लैब का संचालन करने के लिए प्रशिक्षकों को भेजा गया था ताकि स्कूलों में शिक्षकों को विद्यार्थियों को पढ़ाने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। दूसरे चरण में कंपनी की ओर से पायलट प्रोजेक्ट के सफल होने के बाद जिला के अन्य चार शिक्षा खंडों में रोबोटिक लैब स्थापित करने के लिए सर्वे का कार्य किया जाएगा। इसमें स्कूलों को क्रमबद्ध तरीके से लैब स्थापित करने के लिए चुना जाएगा। लैब के स्थापित होने से जिले के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को आधुनिक माध्यमों से पढ़ाई करने के लिए सहयोग मिलेगा।
ब्यान:
जिले के 27 स्कूलों में रोबोटिक लैब स्थापित करने का कार्य पूरा हो गया है। कंपनी की ओर से शिक्षकों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। दूसरे चरण में जिले के अन्य स्कूलों में लैब स्थापित करने का कार्य किया जाएगा।
अनिल धीमान, जिला समन्वयक, रोबोटिक लैब।