हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में स्नातक की कक्षाएं एक सितंबर से शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को स्नातक प्रथम वर्ष में महज 39 फीसदी उपस्थिति दर्ज की गई। बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण कई विद्यार्थी नीट और जेईई की परीक्षाओं की तैयारियां कर रहे हैं। इस तैयारी को कॉलेज में कम उपस्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है।
कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए कॉलेज में 50 फीसदी विद्यार्थियों के साथ कक्षाएं चल रही हैं। शेष पचास फीसदी विद्यार्थियों को अगले दिन बुलाया जा रहा है। प्रथम वर्ष में कॉलेज में 1405 विद्यार्थियों ने अभी तक दाखिला लिया है। 50 फीसदी की शर्त के अनुसार शुक्रवार को प्रथम वर्ष में कुल 703 विद्यार्थियों को कॉलेज बुलाया गया था। हालांकि जिन कक्षाओं में बहुत कम विद्यार्थी हैं, वहां 50 फीसदी से अधिक विद्यार्थी भी बुलाए जा रहे हैं। लेकिन शुक्रवार को कॉलेज में महज 546 विद्यार्थी उपस्थित रहे। जोकि कुल संख्या का 39 फीसदी है।
जबकि द्वितीय और तृतीय वर्ष में विद्यार्थियों की संख्या काफी अच्छी रही। द्वितीय वर्ष के 1257 विद्यार्थियों को बुलाया गया था। इसमें से 1000 विद्यार्थी उपस्थित रहे। तृतीय वर्ष के 1309 विद्यार्थियों को कॉलेज बुलाया गया था। इसमें से 694 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में पांच हजार के करीबन विद्यार्थी शिक्षा ले रहे हैं। वहीं, कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अंजु बत्ता सहगल ने कहा कि कॉलेज में स्नातक की कक्षाएं लगाई जा रही हैं। 15 सितंबर तक दाखिले की तिथि बढ़ाई गई है।