ऊना हमीरपुर हाइवे पर गलू के पास गाड़ी पर गिरा पत्थर। जागरूक पाठक।
सलौणी (हमीरपुर)। ऊना-हमीरपुर नेशनल हाईवे 503ए पर मंगलवार को गलू के पास एक कार पर अचानक पत्थर गिर गए। दोपहर 2:00 बजे के करीब अचानक पहाड़ी से एक भारी पत्थर नीचे आ गिरा और वहां से गुजर रही कार को चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कार सवार 3 लोग सुरक्षित बच गए और किसी को भी चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार बारिश के चलते यह इलाका भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के लिए बेहद संवेदनशील है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और पहाड़ी को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय न किए गए तो भविष्य में यहां कोई बड़ा हादसा हो सकता है।