हमीरपुर। स्थानीय बाजार में हो रहे अतिक्रमण से शहर की सुंदरता को ग्रहण लग रहा है। सड़कों, फुटपाथ और नालियों के ऊपर सजे सामान के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना कर पड़ रहा है। मुख्य बाजार गांधी चौक, बस अड्डा, अस्पताल चौक सहित नए रोड के किनारे दुकानदार सुबह ही सामान सड़क और फुटपाथ व नालियों पर सजा देते हैं। इससे दिनभर लोगों को परेशान होना पड़ता है।
जिला का मुख्य बाजार होने के कारण यहांं दिनभर वाहनों और लोगों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में अतिक्रमण के कारण सड़कों पर सामान होने के कारण जहां दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, वहीं वाहनों को पास लेने में भी समस्या आती है। वहीं, मुख्य बाजार में सड़क के बीचोंबीच मालवाहक वाहनों को खड़ा करके सामान उतारा और चढ़ाया जाता है। इस कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है।
शहर में अतिक्रमण की समस्या को दूर करने के नगर परिषद हमीरपुर ने अक्टूबर में शहर का निरीक्षण किया था, लेकिन उसके बाद शहर में अतिक्रमण विकराल रूप धारण किए हुए है। इससे सड़कें सिकुड़ती जा रही हैं और कार्रवाई न होने के कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। शहर में अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है।
उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजमेर सिंह ठाकुर ने कहा कि दुकानदारों को इसके लिए जुर्माना डाला जाएगा। जब टीम निरीक्षण के लिए निकलती है तो दुकानदार अतिक्रमण हटा लेते हैं और बाद में फिर अतिक्रमण करते हैं। मगर जल्द ही बैठक में इस मामले पर चर्चा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।