क्रिकेट स्टेडियम नादौन में अंडर-19 अंतर जिला प्रतियोगिता में दिखाया दम
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम नादौन में चल रहे अंडर-19 अंतर जिला प्रतियोगिता के दौरान हुए मुकाबले में शिमला ने सिरमौर को 10 विकेट से हराकर सात अंक हासिल किए। इस मुकाबले में शिमला के बल्लेबाज अंशुल छाजटा ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 172 रन बनाए। जबकि, शिमला की ओर से ही शानदार गेंदबाजी करते हुए आदित्य ने हैट्रिक बनाते हुए एक ही पारी में नौ विकेट चटकाए। इससे पूर्व शिमला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 97 ओवर में 370 रन बनाए। 24 चौकों और पांच छक्कों की मदद से अंशुल छाजटा ने 172 रन का योगदान दिया। इसके अलावा सात्विक कटोच ने भी 110 रन बनाए। सिरमौर की ओर से गेंदबाजी करते हुए आर्यन ने चार, सूरज और रुद्र ने दो-दो तथा अक्षय और हर्ष ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिरमौर की टीम अपनी पहली पारी में 42.2 ओवर में 110 रन पर ढेर हो गई। अक्षय ने 25 तथा सूरज ने 19 रन बनाए। शिमला की ओर से गेंदबाजी करते हुए सुजल ने पांच, आदित्य ने 3 तथा शिवांश ने एक विकेट लिया। फॉलोआन खेलते हुए सिरमौर की टीम अपनी दूसरी पारी में 81.3 ओवर में 277 रन ही बना सकी। जिसमें अक्षय ने 119 तथा सूरज ने 92 रन का योगदान दिया। शिमला की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए आदित्य ने इस पारी में एक हैट्रिक के साथ 9 विकेट हासिल किए। आदित्य ने पूरे मैच में कुल 12 विकेट चटकाए जबकि सूजल ने एक विकेट हासिल किया। अंत में शिमला ने सिरमौर को 10 विकेट से हराकर यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।