हमीरपुर। जिले में वीरवार को सात लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से रैपिड एंटीजन टेस्ट में पांच और आरटीपीसीआर में दो लोग संक्रमित पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि वीरवार को जिला में रेपिड एंटीजन टेस्ट के लिए 338 सैंपल लिए गए। जिनमें से तीन पॉजिटिव निकले। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बुधवार को आरटीपीसीआर सैंपलों की रिपोर्ट वीरवार को प्राप्त हुई। इन सैंपलों में से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
अग्निहोत्री ने बताया कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की आशंका को देखते हुए सभी लोग एहतियात बरतें। मास्क का प्रयोग करें तथा हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। अनावश्यक भीड़ इकट्ठी न करें तथा आपस में पर्याप्त दूरी बनाकर रखें। उन्होंने कहा कि जिले में विदेशों से अभी तक 169 लोग आए हैं।
इनमें से 71 के सैंपल हो गए। जिनमें से दो पॉजिटिव आए हैं और 45 के सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। जबकि, शेष लोग क्वारंटीन हैं। उन्होंने कहा कि नीदरलैंड से लौटा एक और व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। इसके सैंपल भी ओमिक्रॉन जांच के लिए भेजा गया है। जबकि इससे पूर्व रूस से आए एक व्यक्ति का सैंपल ओमिक्रॉन जांच के लिए गया है। वीरवार शाम तक रिपोर्ट नहीं आई है।