हमीरपुर। जिले में छह साल और उससे अधिक उम्र के बच्चों तथा अन्य लोगों में कोरोना वायरस के लिए टीकाकरण या संक्रमण के कारण विकसित एंटीबॉडी के स्तर को मापने के लिए सीरो सर्वेक्षण किया जाएगा। यह भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद की ओर से किए गए छठे सीरो सर्वेक्षण का हिस्सा है, जो सरकार को भविष्य में कोविड के प्रसार को रोकने में सहायता करेगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजय जगोता ने बताया कि हमीरपुर जिले में कुल बीस स्थानों पर क्लस्टर बनाकर 400 नमूने एकत्रित किए जाएंगे। प्रत्येक क्लस्टर से 20 नमूने एकत्रित किए जाएंगे तथा यह सर्वेक्षण पांच सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे स्वेच्छा से रक्त के नमूने देने के लिए आगे आएं और साथ में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की। इस सर्वेक्षण को करने के लिए प्रशिक्षण सत्र का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में किया गया। इसमें सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों व प्रयोगशाला तकनीशियन ने भाग लिया। इस मौके पर डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. सीमा ने विशेष रूप से भाग लेकर प्रशिक्षण में सहयोग किया। सीएमओ डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि यह सीरो सर्वेक्षण जिले में पांच सितंबर तक पूरा किया जाएगा।