जेएनवी डुंगरी में चल रहे एनसीसी कैंप के दौरान परेड करते एनसीसी कैडेटस। स्रोत : एनसीसी यूनिट
हमीरपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय डुंगरी में एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में वीरवार को चौथे दिन कैडेट्स को नशे से बचने के लिए जागरूक किया गया। सीनियर जेसीओ सूबेदार शशि पाल ने नशे के दुष्प्रभावों को बताते हुए कैडेट्स को इससे बचने के लिए आगाह किया। उन्होंने कहा कि यह ऐसा जहर है जो व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक तौर पर व्यक्ति को तबाह कर देता है। यह ऐसी भयंकर आग है जो आकर्षण से आरंभ होती है और शारीरिक, मानसिक तथा आर्थिक कष्ट देते हुए चिता पर ही शांत होती है।
इस शिविर में तीन जिलों से से आए कैडेट्स ने शिविर के चौथे दिन मैप-रीडिंग की बारीकियों और इसके लाभ, हथियार-प्रशिक्षण, फायर और इसके बुनियादी उसूलों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ-साथ जीवन कौशल, व्यक्तित्व -निर्माण एवं चरित्र निर्माण के बारे में जानकारी प्राप्त की। शिविर में कैडेट्स कठोर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनकी दिनचर्या का आरंभ सुबह 6:30 बजे से पीटी और ड्रिल के साथ होता है और दिनभर विविध विषयों को समझते हुए शाम को खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा कैडेट बनते हैं।