वेतन विसंगति के चलते सुरक्षा कर्मचारियों को कार्य करने में आ रही परेशानी
मंदिर में सैनिक कोटे से 25 के करीब सुरक्षा कर्मचारियों की हुई है नियुक्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में सैनिक कोटे से नियुक्त सुरक्षा कर्मचारियों को अन्य धार्मिक स्थलों पर नियुक्त सुरक्षा कर्मचारियों से कम वेतन मिल रहा है। अन्य धार्मिक स्थलों की तर्ज पर बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में भी 25 के करीब सैनिक कोटे से सुरक्षा कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। लेकिन, कम वेतनमान मिलने से कर्मचारियों को कार्य करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सैनिक कोटे से नियुक्त सुरक्षा कर्मचारियों के प्रभारी सूबेदार राकेश कुमार, विजय, प्रवीण, राजेश आदि ने कहा कि माता नैना देवी और माता चिंतपूर्णी मंदिरों में सैनिक कोटे से नियुक्त सुरक्षा कर्मचारियों को 20 हजार वेतन मिलता है, जबकि बाबा बालक नाथ मंदिर में नियुक्त ऐसे ही कर्मचारियों को 13 हजार 500 के हिसाब से वेतन दिया जाता है। इस वेतन विसंगति को दूर करने के लिए अध्यक्ष पूर्व सैनिक समाज कल्याण संगठन बड़सर कर्नल प्यार चंद अत्री के माध्यम से बाबा बालक नाथ मंदिर ट्रस्ट की वित्तीय बैठक में ट्रस्ट को ज्ञापन सौपा गया था। उसके बाद भी मंदिर प्रशासन के समक्ष अपना पक्ष रखा लेकिन आज तक आश्वासनों के अलावा कुछ नहीं मिला है। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में सैनिक कोटे से नियुक्त सुरक्षा कर्मचारियों ने मंदिर न्यास और मंदिर प्रशासन के साथ ही जिला सैनिक कल्याण बोर्ड से भी आग्रह किया है कि इस वेतन विसंगति को जल्द से जल्द दूर किया जाए ताकि उन्हें भी अन्य धार्मिक स्थलों पर इस कोटे से तैनात सुरक्षा कर्मचारियों के बराबर वेतन मिल सके। इस बारे में मंदिर अधिकारी धर्मपाल नेगी ने कहा कि सैनिक कोटे से जो सुरक्षा कर्मचारियों की नियुक्ति हुई है, वह सैनिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से हुई है। इनके वेतन का निर्धारण भी उसी माध्यम से होता है। कर्मचारियों की मांग से बोर्ड को अवगत करवा दिया गया है।