बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के नवनिर्मित पांच मंजिला लघु सचिवालय में सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। नियमित सफाई के अभाव में भवन की विभिन्न मंजिलों पर बने अधिकांश शौचालयों पर ताले लगा दिए गए हैं।
इससे सरकारी कामकाज के लिए आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लघु सचिवालय में राजस्व, प्रशासनिक और अन्य सरकारी कार्यालय संचालित हो रहे हैं।
भवन में आम लोगों के लिए फिलहाल केवल पहली मंजिल का शौचालय खुला है, जबकि कार्यालयों के कर्मचारियों के लिए बने शौचालयों का उपयोग संबंधित स्टाफ कर रहा है।
पांच मंजिला भवन में शौचालयों की सीमित सुविधा से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन के सामने नियमित सफाई सुनिश्चित करने और आम लोगों को पर्याप्त बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की चुनौती है।
-
लघु सचिवालय में रोजाना काफी संख्या में लोग अपने काम करवाने पहुंचते हैं। ऐसे में शौचालयों पर ताले लगे होने से लोगों को परेशानी होती है। प्रशासन को चाहिए कि सभी मंजिलों पर बने शौचालयों को साफ-सुथरा रखकर आम लोगों के लिए खुला रखा जाए।
-मस्त राम, निवासी बड़सर
पांच मंजिला लघु सचिवालय में विभिन्न सरकारी कार्यालय चल रहे हैं, लेकिन सफाई के लिए पर्याप्त कर्मचारी नहीं होना चिंता का विषय है। प्रशासन को भवन की जरूरत के अनुसार सफाई कर्मचारियों की तैनाती करनी चाहिए, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
-पुरुषोत्तम, निवासी दियोटसिद्ध
सरकारी भवनों में स्वच्छता और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सुबह सफाई करवाने से पूरे दिन व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल है। नियमित सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए। शौचालयों को बंद रखने के बजाय उनकी साफ-सफाई पर ध्यान देना चाहिए।
-सतीश महाजन, निवासी बड़सर
कोट :
एसडीएम कार्यालय में स्थायी सफाई कर्मचारी नहीं है। फिलहाल एक अंशकालीन सफाई कर्मचारी रखा है, जो सुबह पांच बजे सफाई करने के बाद चला जाता है। दिन के समय शौचालयों में गंदगी फैलने के कारण उन्हें साफ रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में दोबारा सफाई अगले दिन ही हो पाती है।
-कर्ण धीमान, सहायक कानूनगो एसडीएम कार्यालय बड़सर
फिलहाल तीसरी मंजिल पर सफाई कर्मचारी उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्यालय में सफाई व्यवस्था बनाए रखने में दिक्कतें आ रही हैं। पहली मंजिल पर शौचालय आम लोगों के लिए खुला है। आपात स्थिति में तहसील कार्यालय के कर्मचारियों के लिए बने शौचालय का भी उपयोग किया जा सकता है।
-प्रियंका वर्मा, तहसीलदार
बड़सर उपमंडल में वॉश बेसिन में मंची गंदगी। संवाद
बड़सर उपमंडल में वॉश बेसिन में मंची गंदगी। संवाद
बड़सर उपमंडल में वॉश बेसिन में मंची गंदगी। संवाद
बड़सर उपमंडल में वॉश बेसिन में मंची गंदगी। संवाद